धीरपुर में 1668 करोड़ रुपये की लगात से डॉ बी आर आंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली का नया परिसर बनेगा
धीरपुर में 1668 करोड़ रुपये की लगात से डॉ बी आर आंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली का नया परिसर बनेगा
नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) दिल्ली सरकार ने धीरपुर में डॉ. बी.आर. आंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली (एयूडी) के एक नए परिसर के निर्माण को बुधवार को मंजूरी दे दी, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई दिल्ली सरकार की व्यय वित्त समिति ने इस परियोजना को मंजूरी दी।
गुप्ता ने बताया कि उत्तरी दिल्ली में लगभग 1,668 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाला यह परिसर राजधानी में गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार करेगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार नया परिसर विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान करेगा।
गुप्ता ने कहा कि लगभग 20 हेक्टेयर (50 एकड़) क्षेत्र में विकसित किए जाने वाले इस अत्याधुनिक परिसर को चरणबद्ध तरीके से लगभग 8,000 विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “परियोजना के प्रथम चरण में 5,400 विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही 840 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास सुविधाएं और शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि नए परिसर में आधुनिक शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय, प्रशासनिक भवन, छात्र सुविधाएं, 2,500 सीटों की क्षमता वाला सभागार, खेल अवसंरचना और पार्किंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
गुप्ता ने कहा कि शिक्षा किसी भी विकसित समाज की सबसे मजबूत नींव होती है और दिल्ली सरकार युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
भाषा नोमान प्रशांत
प्रशांत

Facebook


