दिल्ली : न्यू उस्मानपुर में 17 साल के लड़के की हत्या के मामले में दो नाबालिग सहित चार लोग पकड़े गए

दिल्ली : न्यू उस्मानपुर में 17 साल के लड़के की हत्या के मामले में दो नाबालिग सहित चार लोग पकड़े गए

दिल्ली : न्यू उस्मानपुर में 17 साल के लड़के की हत्या के मामले में दो नाबालिग सहित चार लोग पकड़े गए
Modified Date: June 2, 2026 / 05:56 pm IST
Published Date: June 2, 2026 5:56 pm IST

नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग लड़के की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के अंदर ही दो किशोरों समेत चार लोगों को पकड़ा है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात करीब 10:25 बजे न्यू उस्मानपुर थाने को चाकूबाजी की घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को 17 वर्षीय किशोर जमीन पर पड़ा हुआ मिला, जिसकी मौत हो चुकी थी।

उत्तर पूर्वी दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संदीप लांबा ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने अपराध स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित साक्ष्य एकत्र किए। इस संबंध में न्यू उस्मानपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि पीड़ित को चाकू मारा गया था।

उन्होंने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए न्यू उस्मानपुर थाने की एक समर्पित टीम ने साक्ष्य जुटाए और दो किशोरों (17) को पकड़ा और निक्की (21) को गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने बाद में इस मामले में चौथे आरोपी 21 वर्षीय विवेक ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि उसके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है।

अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और खुलासा किया कि उनका पीड़ित के साथ कुछ विवाद था और वे पहले से एक दूसरे को जानते थे।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित और आरोपी दोनों एक ही समुदाय से हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी वांछित है और उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव


लेखक के बारे में