हथियारों की तस्करी में शामिल फरार आरोपी को एनआईए ने गिरफ्तार किया

हथियारों की तस्करी में शामिल फरार आरोपी को एनआईए ने गिरफ्तार किया

हथियारों की तस्करी में शामिल फरार आरोपी को एनआईए ने गिरफ्तार किया
Modified Date: August 23, 2026 / 09:16 pm IST
Published Date: August 23, 2026 9:16 pm IST

नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने एके-47 राइफल और कारतूस बरामदगी से जुड़े मामले की जांच के तहत बिहार विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के साथ एक संयुक्त अभियान में एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी करमुल्लाह को शनिवार को बिहार के सारण जिले से गिरफ्तार किया गया।

एनआईए के अनुसार, करमुल्लाह ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर नगालैंड से बिहार में प्रतिबंधित बोर के अत्याधुनिक हथियारों की तस्करी की साजिश रची थी। एनआईए के अनुसार इसका उद्देश्य सार्वजनिक शांति एवं सुरक्षा को बाधित करना और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालना था।

एनआईए ने एक बयान में बताया कि बिहार पुलिस ने इस मामले में सात मई 2024 को फकुली थाने में एक मामला दर्ज किया था। बयान में बताया गया कि मुजफ्फरपुर के मुर्गटिया पुल से लेंस लगी एक एके-47 राइफल और कारतूस बरामद होने के बाद यह मामला दर्ज किया गया था। राज्य पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था।

बयान के अनुसार बाद में एनआईए ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली। जांच पूरी होने के बाद एनआईए ने पिछले साल आठ मई को चार आरोपियों—विकास कुमार, सत्यम कुमार, देवमणि राय और अहमद अंसारी—के खिलाफ पहली पूरक आरोपपत्र दाखिल की थी।

बयान के अनुसार, इस साल 20 फरवरी को आरोपी मंजूर खान के खिलाफ दूसरा पूरक आरोपपत्र दाखिल किया गया। बयान के अनुसार, एनआईए ने 15 अप्रैल को एक अन्य आरोपी कुंदन कुमार उर्फ कुंदन भगत के खिलाफ तीसरा पूरक आरोपपत्र दाखिल किया।

एनआईए ने बताया कि इस मामले में आरोपी भैरव त्रिपाठी को भी 19 अगस्त को मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया गया था।

भाषा अमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में