केरल में अवैध विस्फोटक बरामदगी मामले में एनआईए ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया
केरल में अवैध विस्फोटक बरामदगी मामले में एनआईए ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने केरल के मलप्पुरम में बड़ी मात्रा में अवैध विस्फोटक बरामद किए जाने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को मलप्पुरम जिले के मंजेरी से गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान हारिस टीए के रूप में हुई है।
एनआईए की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि आरोपी इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता है और जब्त किए गए विस्फोटकों की अवैध खरीद में उसकी भूमिका थी।
यह मामला सात फरवरी 2026 को मलप्पुरम में चेम्माड-थलाप्पारा मार्ग पर ‘फरहा हॉलो ब्रिक्स कंपनी’ के परिसर में खड़े एक ट्रक से 89,600 विस्फोटक छड़ें और 10,500 ‘शॉक ट्यूब’ बरामद किए जाने से जुड़ा है।
जांच एजेंसी ने बताया कि केरल पुलिस ने ट्रक में रखे विस्फोटकों के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
एनआईए के अनुसार, आरोपियों के पास इन विस्फोटकों को रखने या उनके परिवहन के लिए वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं थी।
इसके बाद एनआईए ने मामला फिर से दर्ज कर जांच अपने हाथ में ले ली। जांच के दौरान एजेंसी ने तीन राज्यों में 19 स्थानों पर तलाशी ली। इस दौरान कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई और साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान की गई।
हारिस की गिरफ्तारी से एक दिन पहले, सात अगस्त को एनआईए ने कर्नाटक के विजयपुरा से तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
एनआईए ने कहा कि इस मामले में अब तक कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बड़ी साजिश तथा विस्फोटकों की अवैध खरीद और उनके परिवहन से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।
भाषा शोभना खारी
खारी

Facebook


