जयपुर पटाखा फैक्टरी अग्निकांड में थाना प्रभारी सहित नौ पुलिसकर्मी निलंबित

जयपुर पटाखा फैक्टरी अग्निकांड में थाना प्रभारी सहित नौ पुलिसकर्मी निलंबित

जयपुर पटाखा फैक्टरी अग्निकांड में थाना प्रभारी सहित नौ पुलिसकर्मी निलंबित
Modified Date: June 10, 2026 / 10:34 pm IST
Published Date: June 10, 2026 10:34 pm IST

जयपुर, 10 जून (भाषा) जयपुर के खो नागोरियान क्षेत्र की अवैध पटाखा फैक्टरी में आग लगने के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी सहित नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने प्रारंभिक जांच में लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाए गए खो नागोरियान थाना प्रभारी ओमप्रकाश, हेड कांस्टेबल अशोक तथा कांस्टेबल रामावतार, दिनेश, आसिफ, हरेंद्र और अशोक को निलंबित किया गया है।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा, पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने घटना के तुरंत बाद सहायक उपनिरीक्षक अमर सिंह और हेड कांस्टेबल पप्पूराम को भी निलंबित कर दिया था। इस प्रकार कुल नौ पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अजय सिंह को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में गठित जांच समिति घटना के सभी पहलुओं, संबंधित अधिकारियों की भूमिका और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों और अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मित्तल ने जयपुर शहर के सभी जिला पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित कारखानों, गोदामों, पटाखा भंडारण स्थलों और अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियों के खिलाफ विशेष सर्वेक्षण एवं निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिष्ठानों की पहचान कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने बताया कि जयपुर पुलिस घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक एवं निवारक कदम भी उठाए जा रहे हैं।

भाषा पृथ्वी खारी

खारी


लेखक के बारे में