कर्नाटक में इबोला का मामला नहीं: स्वास्थ्य मंत्री
कर्नाटक में इबोला का मामला नहीं: स्वास्थ्य मंत्री
बेंगलुरु, 27 मई (भाषा) कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने बुधवार को बताया कि युगांडा की जिस 28 वर्षीय महिला में इबोला वायरस के लक्षण दिखने का संदेह था, उसकी जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, इबोला प्रभावित क्षेत्र से आई महिला को मंगलवार को शरीर में दर्द जैसे हल्के लक्षण दिखने के बाद एक होटल से यहां के सरकारी महामारी रोग अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
उसके रक्त के नमूने एकत्र किए गए और जांच के लिए पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान को भेजे गए।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘राज्य में सामने आए इबोला के संदिग्ध मामले की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने पुष्टि की है कि वह महिला इबोला वायरस से संक्रमित नहीं है।’
उन्होंने कहा, ‘जन स्वास्थ्य दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक चिकित्सा प्रोटोकॉल और एहतियाती उपायों का सख्ती से पालन किया गया।’
राव ने कहा कि कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और जन स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के हित में सभी आवश्यक उपाय करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
उन्होंने कहा, ‘नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है, उन्हें निर्धारित स्वास्थ्य दिशानिर्देशों का पालन करना चाहिए और केवल सरकार व स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी और सलाह पर ही भरोसा करना चाहिए।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


