राजग के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं है: टीवीके
राजग के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं है: टीवीके
चेन्नई, 14 मार्च (भाषा) अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ गठबंधन की किसी भी संभावना से शनिवार को इनकार किया।
विजय ने चुनावी समझौते को लेकर मीडिया में जारी अटकलों को भी खारिज कर दिया।
हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने पत्रकारों के इस सवाल का सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया कि क्या तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के साथ गठबंधन के लिए बातचीत हो रही है।
नागेंद्रन ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘आप गठबंधन को लेकर चिंतित हैं और मैं जनता की समस्याओं को लेकर चिंतित हूं, खासकर राज्य में कानून-व्यवस्था की विफलता और महिलाओं की सुरक्षा की कमी को लेकर।’’
राजग के साथ गठबंधन के लिए बातचीत को ‘‘अफवाह’’ बताते हुए, टीवीके के संयुक्त महासचिव सी टी आर निर्मल कुमार ने कहा कि 13 मार्च को पार्टी के जिला सचिवों के साथ हुई ऑनलाइन बैठक का उद्देश्य पार्टी की ताकत और गठबंधन की संभावनाओं का आकलन करना था।
निर्मल कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘राजग के साथ गठबंधन की कोई गुंजाइश नहीं है। हम पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि भाजपा हमारी वैचारिक शत्रु है।’’
भाषा देवेंद्र सुरभि
सुरभि

Facebook


