अवैध प्रवासियों की समस्या से निपटने में कोई समझौता नहीं किया जाएगा: मंत्री प्रियंक खरगे
अवैध प्रवासियों की समस्या से निपटने में कोई समझौता नहीं किया जाएगा: मंत्री प्रियंक खरगे
बेंगलुरु, आठ अगस्त (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार बांग्लादेश समेत अन्य देशों से आए अवैध प्रवासियों की पहचान करने के लिए कड़ी और लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे से निपटने में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों को कानून अपने हाथ में लेने और ‘सोशल मीडिया एक्टिविज्म’ के खिलाफ आगाह करते हुए कहा कि सरकार ऐसे लोगों के खिलाफ भी सख्ती कार्रवाई करेगी।
मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम सख्ती और गंभीरता से तलाश और सत्यापन कर रहे हैं।’’
उन्होंने बताया कि सरकार ने पिछले तीन महीनों में करीब 1,000 लोगों को पकड़ा है।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब बेंगलुरु सिटी पुलिस ने शहर की विभिन्न झुग्गी बस्तियों में रह रहे अवैध प्रवासियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया और खबरों के मुताबिक यहां अवैध रूप से रह रहे 40 से अधिक बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया है।
खरगे ने कहा कि पकड़े गए लोगों में अफ्रीकी देशों के नागरिक, बांग्लादेशी और अन्य लोग शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इस मामले में किसी भी सूरत में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।”
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और एफआरओ अधिकारियों के संपर्क में है और लगातार निगरानी रखेगी।
उन्होंने कहा,‘‘हम इस मुद्दे को 100 प्रतिशत गंभीरता से संभालेंगे। हमें लगातार सतर्क रहना होगा। ऐसा नहीं है कि हम एक-दो सप्ताह तक यह काम करें और फिर रोक दें। इसे लगातार जारी रखना होगा। जरूरत पड़ने पर हम इसके लिए एक विशेष टीम भी गठित कर रहे हैं।”
खरगे ने कहा कि केंद्र को कर्नाटक की मदद करनी चाहिए क्योंकि राज्य की सीमा बांग्लादेश या किसी अन्य देश से नहीं लगती है।
उन्होंने पूछा, ‘‘अगर लोग देश में आ रहे हैं और आखिरकार यहां पहुंच रहे हैं, तो वे कहां से आ रहे हैं? क्या वे त्रिपुरा, असम, पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों या पश्चिम बंगाल से आ रहे हैं?’’
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा करना केंद्र की जिम्मेदारी है और सवाल उठाया कि अगर सीमाओं को प्रभावी ढंग से सुरक्षित किया जा रहा है, तो अवैध प्रवासी कर्नाटक कैसे पहुंच रहे हैं।
भाषा संतोष शफीक
शफीक

Facebook


