ईंधन की कीमतों में वृद्धि के बावजूद बस के किराए में बढ़ोतरी नहीं: कर्नाटक मंत्री
ईंधन की कीमतों में वृद्धि के बावजूद बस के किराए में बढ़ोतरी नहीं: कर्नाटक मंत्री
बेंगलुरु, 21 मार्च (भाषा) कर्नाटक के परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने शनिवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के बावजूद बस के किराये में फिलहाल किसी तरह की वृद्धि से इनकार किया।
उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी वैश्विक कारणों से हुई है और राज्य सरकार इस समय यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ नहीं डालेगी।
रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा, “सिर्फ डीजल के दाम बढ़ने से हम किराया नहीं बढ़ाएंगे। अभी हमारे पास किराया बढ़ाने का अधिकार नहीं है। हम किराया नहीं बढ़ा रहे हैं।”
किराये में संशोधन की समीक्षा के लिए समिति गठित किए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार फिलहाल ऐसा कोई कदम उठाने पर विचार नहीं कर रही है।
उन्होंने ईंधन की कीमतों में मौजूदा उछाल का कारण भू-राजनीतिक तनाव को बताया और उम्मीद जताई कि स्थिति सामान्य होने पर कीमतें कम हो जाएंगी।
उन्होंने कहा, ‘ईरान-इजराइल-अमेरिका के बीच युद्ध की स्थिति के कारण कीमतें बढ़ी हैं। अगर युद्ध समाप्त होता है, तो कीमतें अपने आप कम हो जाएंगी।’
उन्होंने यह भी कहा कि अगर निकट भविष्य में कीमतें और बढ़ती हैं, तो भी किराया तुरंत नहीं बढ़ाया जाएगा।
रेड्डी ने हाल के वर्षों में ईंधन की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के रवैये की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि हालांकि कच्चे तेल की कीमतें पहले कम हुई थीं, लेकिन इसका लाभ जनता को नहीं मिला।
मंत्री ने कहा कि लगभग एक दशक से कच्चे तेल की कम कीमतों से उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं मिली है और इसका अधिकांश लाभ केंद्र सरकार को ही मिला है।
राज्य सरकार का रुख दोहराते हुए उन्होंने कहा, ‘हम अपनी तरफ से कुछ नहीं करेंगे। जहां तक हमारा सवाल है, हम किराया नहीं बढ़ाएंगे।’
रेड्डी ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह तेल की कीमतों में और अधिक वृद्धि न करे जिससे जनता पर बोझ पड़े।
भाषा
राखी माधव
माधव

Facebook


