कोई भी प्रदर्शनकारी हिरासत में नहीं: दिल्ली पुलिस

Ads

कोई भी प्रदर्शनकारी हिरासत में नहीं: दिल्ली पुलिस

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 09:10 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 09:10 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संसद मार्च का कोई भी प्रदर्शनकारी अब हिरासत में नहीं है।

इससे पहले कॉजपा ने दावा किया था कि सैकड़ों प्रदर्शनकारी अब भी पुलिस हिरासत में हैं, लेकिन बाद में घोषणा की कि उसके सभी समर्थकों को रिहा कर दिया गया है।

पुलिस का यह बयान तब आया जब कॉजपा ने ऐलान किया कि प्रदर्शनकारियों को रिहा न किए जाने पर रात 8 बजे दिल्ली पुलिस मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

पुलिस ने लोगों को असत्यापित सामग्री साझा या प्रसारित न करने की सलाह देते हुए कहा, ‘यह स्पष्ट किया जाता है कि वर्तमान में कोई भी व्यक्ति हिरासत में नहीं है।’

इससे पहले, कॉजपा के प्रवक्ता सौरव दास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस ने ‘ बर्बर बल’ का उपयोग करने के बाद सैकड़ों ‘शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों’ को हिरासत में लिया था और दावा किया था कि वकीलों को उनसे मिलने या हिरासत में लिए गए लोगों की पूरी सूची नहीं दी जा रही है।

हालांकि, बाद में ‘एक्स’ पर पोस्ट में दास ने कहा कि संगठन के वकीलों ने उन्हें सूचित किया है कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों को रिहा कर दिया गया है।

पोस्ट में लिखा है, ‘इसलिए दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर धरना वापस लिया जाता है। सभी से शांति बनाए रखने का अनुरोध किया जाता है।’

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश