नोएडा (उप्र), 28 जून (भाषा) नोएडा के सेक्टर-30 में बाल स्वास्थ्य स्नातोकोत्तर संस्थान (चाइल्ड पीजीआई) में निर्माण कार्य के दौरान रविवार को चौथी मंजिल से गिर जाने से 35 वर्षीय एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान 35 वर्षीय संतोष के रूप में हुई है जो ‘चाइल्ड पीजीआई’ में चल रहे निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चौथी मंजिल पर काम करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह नीचे गिर गया।
थाना प्रभारी ने कहा कि संतोष को गंभीर चोटें आईं और उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने संतोष के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है तथा उनके आने के बाद पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौप दिया जाएगा।
भाषा सं राजकुमार
राजकुमार