नोएडा: कार में प्रॉपर्टी डीलर का शव पाया गया, हत्या की आशंका

Ads

नोएडा: कार में प्रॉपर्टी डीलर का शव पाया गया, हत्या की आशंका

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 01:02 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 01:02 PM IST

नोएडा (उप्र), 13 जुलाई (भाषा) गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में थाना सूरजपुर अंतर्गत एबीजी हाईट सोसाइटी के पास रविवार देर रात एक कार (स्कॉर्पियो) में एक प्रॉपर्टी डीलर का खून से लथपथ शव पाया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मौके पर एक देसी तमंचा भी पुलिस को मिला है। पुलिस को आशंका है कि उसने आत्महत्या की है, जबकि आसपास के लोग इसे हत्या का मामला बता रहे हैं।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक उमेश नैथानी ने बताया कि 12 जुलाई की देर रात पुलिस के गश्ती दल को एबीजी हाईट सोसाइटी के पास सर्विस रोड पर एक कार (स्कॉर्पियो) खड़ी दिखाई दी, जिसमें बैक लाइट और आगे की टेल लाइट जल रही थी।

शक होने पर पुलिसकर्मियों ने जब जाकर देखा तो उन्हें पता चला कि चालक सीट पर एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा है और पास में एक तमंचा पड़ा था।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने बताया कि उस व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत लाया गया घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान दिल्ली के ग्राम जुमरथपुर निवासी सौराज (36 वर्ष) पुत्र प्रेम राज (वर्तमान पता मिग्सन ग्रीन सोसाइटी, थाना सूरजपुर) के रूप में हुई है। वह मौजूदा समय मे प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे।

पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस अन्य विधिक कार्यवाही कर रही है। पुलिस को आशंका है कि उक्त व्यक्ति ने किसी अवसाद के चलते खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है।

थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में जुटी पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं की है।

भाषा सं. मनीषा संतोष

संतोष