नोएडा : हवाई फायरिंग के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद
नोएडा : हवाई फायरिंग के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद
नोएडा, 18 सितंबर (भाषा) थाना जारचा पुलिस ने ग्राम रानौली लतीफपुर में हवाई फायरिंग के मामले में फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से देशी तमंचा, कारतूस और एक चाकू बरामद किया है।
थाना जारचा के प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों के कब्जे से मिली स्कॉर्पियो कार को जब्त कर लिया गया है।
बताया कि बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो आया जिसमें 15 सितंबर को ग्राम रानौली लतीफपुर में हवाई फायरिंग की घटना दिखाई गई थी।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी शुक्रवार सुबह सलारपुर गांव के पास स्कॉर्पियो कार से जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रुकवाया और तलाशी ली।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तलाशी के दौरान कार से एक देशी तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि कार सवार सचिन कुमार और उसके साथी सूबे बंसल से पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने 15 सितंबर को रानौली लतीफपुर में हवाई फायरिंग की थी।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
भाषा सं
मनीषा
मनीषा

Facebook


