एनएसयूआई के मीणा डीयू में शुरू करेंगे ‘कैम्पस बचाओ यात्रा’
एनएसयूआई के मीणा डीयू में शुरू करेंगे ‘कैम्पस बचाओ यात्रा’
नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के हालिया चुनाव में कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) की ओर से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रहे विजय शंकर मीणा ने सोमवार को विश्वविद्यालय में छात्रों के मुद्दों को उठाने के लिए ‘कैंपस बचाओ यात्रा’ शुरू करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि 10,000 छात्रों के लिए छात्रावास सुविधाएं विकसित करने की दिल्ली सरकार की घोषणा पर कार्ययोजना सामने रखी जानी चाहिए।
मीणा ने कहा कि यह यात्रा 22 सितंबर से शुरू होगी और संगठन के ‘जवाबदेह डीयू, जवाबदेह डूसू’ घोषणापत्र में उठाए गए मुद्दों पर केंद्रित होगी।
विश्वविद्यालय के उत्तरी परिसर स्थित कला संकाय में संवाददाताओं से बातचीत में मीणा ने कहा कि इस पर स्पष्टता आनी चाहिए कि छात्रावास कहां बनेंगे, निर्माण कार्य की समयसीमा क्या होगी तथा छात्रों के लिए ये सुविधाएं कब तक उपलब्ध होंगी।
उनका कहना था, ‘‘छात्रों को सिर्फ घोषणाओं की नहीं, बल्कि स्पष्ट कार्ययोजना और निश्चित समयसीमा की जरूरत है।’’
दिल्ली के सत्य निकेतन में छह सितंबर को एक बहुमंजिला छात्रावास के ढहने के कुछ दिन बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 10,000 छात्रों के लिए छात्रावास सुविधाएं बनाने की घोषणा की थी।
हालिया डूसू चुनाव में मीणा को अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के यश डबास से नजदीकी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
भाषा हक हक वैभव
वैभव

Facebook


