एनटीए देशभर में नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा से पहले 20 जून को मॉक ड्रिल आयोजित करेगी
एनटीए देशभर में नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा से पहले 20 जून को मॉक ड्रिल आयोजित करेगी
नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) नीट-यूजी पुनर्परीक्षा का सुचारु, सुरक्षित और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने की तैयारियों के तहत शनिवार को देशभर में ‘मॉक ड्रिल’ आयोजित करेगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एनटीए ने एक बयान में कहा कि वह रविवार (21 जून) को होने वाली नीट-यूजी 2026 पुनर्परीक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। उसने बताया कि गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन की जिम्मेदारी जिला प्रशासन, पुलिस बलों और ‘एस्कॉर्ट’ टीम को सौंपी गई है।
बयान के मुताबिक, पुनर्परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5.15 बजे तक ‘कागज-कलम’ माध्यम से आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
एनटीए ने कहा कि प्रतिपूरक समय के पात्र दिव्यांग अभ्यर्थी शाम 6.20 बजे तक परीक्षा दे सकेंगे।
एनटीए के अनुसार, पुनर्परीक्षा के आयोजन के लिए विभिन्न एजेंसियों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। उसने बताया कि शहर स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए 674 शहर समन्वयक नियुक्त किए गए हैं, जबकि परीक्षा केंद्रों पर स्वतंत्र निगरानी के लिए 6,669 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अधीक्षक और निरीक्षकों की नियुक्ति की गई है।
एनटीए ने कहा कि पुनर्परीक्षा का सुचारु और निष्पक्ष संचालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों सहित दो लाख से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है।
एनटीए ने कहा, “परीक्षा का निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसके तहत गोपनीय परीक्षा सामग्री को सीलबंद प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षित ढंग से संभालने, परीक्षा सामग्री के परिवहन के लिए पुलिस एस्कॉर्ट के साथ जीपीएस-सक्षम वाहनों की व्यवस्था, सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्रीकृत नियंत्रण कक्षों से जुड़ी सीसीटीवी निगरानी तथा प्रतिरूपण रोकने के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की व्यवस्था शामिल है।”
एनटीए ने बताया कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले उच्च संवेदनशीलता वाले मेटल डिटेक्टर से अनिवार्य जांच की जाएगी तथा प्रत्येक केंद्र पर अतिरिक्त जनशक्ति और उपकरण तैनात किए गए हैं।
एजेंसी ने कहा, “परीक्षा की निगरानी भी केंद्रीकृत नियंत्रण प्रणाली के माध्यम से वास्तविक समय में की जाएगी।”
एजेंसी ने कहा कि भ्रामक सूचनाओं पर अंकुश लगाने और कदाचार रोकने के लिए सोशल मीडिया मंचों पर सक्रिय निगरानी की जा रही है।
एनटीए ने कहा, “एनटीए ने गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (14सी) और सीबीआई सहित संबंधित एजेंसियों के पास शिकायतें दर्ज कराई हैं। मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।”
एजेंसी ने कहा, “एनटीए की सलाह के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन उपकरण में तकनीकी खराबी, उंगलियों के निशान की खराब गुणवत्ता, यूआईडीएआई कनेक्टिविटी संबंधी समस्या या किसी शारीरिक अक्षमता के कारण परीक्षा केंद्र पर पूरा नहीं हो पाता है, उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश से वंचित नहीं किया जाएगा।”
एजेंसी ने बताया कि ऐसे अभ्यर्थियों को एक लिखित घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर करने होंगे, जिसका प्रारूप केंद्र अधीक्षक या पर्यवेक्षक के पास उपलब्ध रहेगा, जिसके बाद उन्हें बिना किसी व्यवधान के परीक्षा देने की अनुमति दी जाएगी।
एजेंसी ने कहा कि ऐसे मामलों में वैध दस्तावेजों के आधार पर पहचान का मैनुअल सत्यापन किया जाएगा।
एनटीए ने कहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों और मौजूदा गर्मी की स्थिति को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थी-केंद्रित कई व्यवस्थाएं की गई हैं, जिनमें निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए बैकअप, पर्याप्त बिजली, प्रकाश और पंखों की व्यवस्था, परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ियां, पेयजल, स्वच्छता सुविधाएं और स्थल पर चिकित्सा सहायता शामिल हैं।
एजेंसी ने कहा कि सत्यापन प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त बायोमेट्रिक मशीनें और प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही, अभ्यर्थियों को यात्रा और मौसम संबंधी परामर्श पहले ही जारी कर दिए गए हैं तथा उन्हें समय रहते यात्रा की योजना बनाने और प्रवेश पत्र पर दिए गए परीक्षा केंद्र के पते की पुष्टि करने को कहा गया है।
एनटीए ने अभ्यर्थियों को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया है।
एजेंसी ने कहा, “प्रवेश द्वार ठीक 1:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे और इसके बाद किसी भी परिस्थिति में किसी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।”
एजेंसी ने पारंपरिक या धार्मिक परिधान पहनने वाले अभ्यर्थियों तथा पूरी बांह के कपड़े या ऊनी वस्त्र पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को विस्तृत जांच के लिए अतिरिक्त समय उपलब्ध कराने की दृष्टि से समय से पहले पहुंचने की सलाह दी है।
अभ्यर्थियों से यह भी कहा गया है कि वे अपने प्रवेश पत्र से परीक्षा केंद्र का सटीक पता सत्यापित कर लें, क्योंकि कुछ केंद्रों के लिए गूगल मैप जैसे ऐप गलत स्थान दिखा सकते हैं और उन पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना चाहिए।
एनटीए ने कहा कि अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र की मुद्रित प्रति, एक मूल वैध फोटो पहचान पत्र और उपस्थिति पत्रक पर चिपकाने के लिए पासपोर्ट आकार के दो फोटो साथ लाने होंगे।
पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को यातायात और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए रिपोर्टिंग समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
एजेंसी ने कहा, “केवल अनुमत वस्तुएं ही साथ लाएं। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ उपकरण, कैलकुलेटर, बटुआ, आभूषण, धातु की वस्तुएं और खाद्य साम्रागी परीक्षा कक्ष के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।”
एनटीए ने कहा कि अभ्यर्थी केवल नीट की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें और अनधिकृत स्रोतों से फैलाए जा रहे भ्रामक संदेशों पर यकीन करने से बचें।
एजेंसी ने अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र लीक से संबंधित अफवाहों या फर्जी दावों के झांसे में नहीं आने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध संदेश या माध्यम की सूचना तत्काल एनटीए अथवा साइबर अपराध से संबंधित अधिकारियों को दें।
एजेंसी ने कहा, “21 जून 2026 को भारत और विदेश में परीक्षा के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के लिए पूरा प्रशासनिक तंत्र तैयार है।”
भाषा राखी पारुल
पारुल

Facebook


