नर्सिंग कॉलेज के छात्र ने की आत्महत्या, पिता ने साजिश का संदेह जताया
नर्सिंग कॉलेज के छात्र ने की आत्महत्या, पिता ने साजिश का संदेह जताया
बेंगलुरु, एक मई (भाषा) कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज के छात्रावास में केरल के 19 वर्षीय एक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बोम्मासंद्रा स्थित नर्सिंग कॉलेज के द्वितीय वर्ष के छात्र आदित्यन पी ए के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल को आदित्यन छात्रावास के अपने कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला।
पुलिस ने बताया कि आदित्यन के शव के पास एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में संकेत मिला है कि वह संभवत: अवसादग्रस्त था। उन्होंने कहा अन्य कारण भी हो सकते हैं जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आदित्यन के पिता प्रदीप एस ने अपनी शिकायत में दावा किया कि बेंगलुरु पहुंचने पर कॉलेज के एक प्रतिनिधि ने उन्हें सूचित किया कि उनके बेटे की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और यह कॉलेज छात्रावास में आत्महत्या का मामला है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘हालांकि, मुझे पूरा विश्वास है कि मेरे बेटे ने ऐसा कदम नहीं उठाया होगा। वह अच्छे चरित्र का और मानसिक रूप से मजबूत था। इसलिए, मुझे उसकी मौत में किसी गहरी साजिश का संदेह है।’’
प्रदीप ने लगभग 20 दिन पहले घटी एक घटना का भी जिक्र किया जब उनके बेटे ने उन्हें बताया था कि उनके छात्रावास के कुछ साथी मादक पदार्थ के सेवन में शामिल थे और हॉस्टल प्रशासन द्वारा पकड़े गए थे।
उन्होंने कहा, ‘‘उनके साथ साथ मेरे बेटे को भी चेतावनी दी गई थी, जबकि वह निर्दोष था और घटना में शामिल नहीं था। यह स्थिति वर्तमान मामले के लिए प्रासंगिक हो सकती है।’’
शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की पूरी और निष्पक्ष जांच करने एवं उचित कानूनी कार्रवाई करने की अपील की।
पुलिस ने बताया कि हेब्बागुडी थाने में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है तथा सभी आरोपों की छानबीन की जा रही है।
इसी बीच, आदित्यन का अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर तिरुवनंतपुरम के अरुविक्कारा में उनके आवास पर किया गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था, जो शुक्रवार सुबह उसे तिरुवनंतपुरम के अरुविक्कारा ले आए थे।
आदित्यन के पिता ने तिरुवनंतपुरम स्थित आवास पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि लगभग तीन सप्ताह पहले एक शिक्षक ने उनके बेटे को सहपाठियों के सामने अपमानित किया था और उसे कथित तौर पर नशाखोरी में शामिल छात्रों से जोड़ा था।
प्रदीप ने कहा, ‘‘हाल में छुट्टी पर घर आने पर उसने हमें इस बारे में बताया था। इसके अलावा उसे कोई और समस्या नहीं थी। उसने हाल में हमसे संपर्क किया था और तब वह बिल्कुल ठीक था।’’
उन्होंने कहा कि इस घटना की उचित जांच की मांग को लेकर वह केरल एवं कर्नाटक की सरकारों से संपर्क करेंगे।
भाषा राजकुमार धीरज
धीरज

Facebook


