ओडिशा: बीजद ने राज्यसभा चुनाव में ‘क्रॉस वोटिंग’ करने के लिए छह विधायकों को निलंबित किया

Ads

ओडिशा: बीजद ने राज्यसभा चुनाव में ‘क्रॉस वोटिंग’ करने के लिए छह विधायकों को निलंबित किया

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 08:04 PM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 08:04 PM IST

भुवनेश्वर, 21 मार्च (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) ने ओडिशा की चार राज्यसभा सीट के लिए हाल में हुए चुनाव के दौरान ‘क्रॉस वोटिंग’ करने के लिए अपने छह विधायकों को निलंबित कर दिया।

पार्टी प्रमुख नवीन पटनायक के एक आदेश के अनुसार, निलंबित विधायकों में बालीगुडा सीट से चक्रमणि कन्हार, जयदेव सीट से नबा किशोर मलिक, चौद्वार-कटक सीट से सौविक विश्वाल, बस्ता से सुबासिनी जेना, तिरतोल से रमाकांत भोई और बांकी से देवी रंजन त्रिपाठी शामिल हैं।

निलंबन का निर्णय बीजद की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता पटनायक ने की।

इन छह विधायकों को 17 मार्च को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

विधानसभा में बीजद की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार शाम को अपने जवाब प्रस्तुत किए और वे संतोषजनक नहीं पाए गए।

पिछले सोमवार को हुए द्विवार्षिक चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा ने राज्यसभा की चार सीट में से दो पर जीत हासिल की थी, जबकि विपक्षी दल बीजद और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार ने एक-एक सीट हासिल की थी।

ओडिशा की 147 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या 79 है और उसे तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है। भाजपा के उम्मीदवारों को 93 प्रथम वरीयता वोट मिले, जो विधानसभा में उनकी संख्या से 11 अधिक थे।

एक अधिकारी ने बताया था कि इन 11 मतों में से बीजद के आठ विधायकों के और कांग्रेस के तीन विधायकों के थे।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप