ओडिशा उपचुनाव: सुबह 11 बजे तक दो विधानसभा सीटों पर 26.24 प्रतिशत मतदान

ओडिशा उपचुनाव: सुबह 11 बजे तक दो विधानसभा सीटों पर 26.24 प्रतिशत मतदान

ओडिशा उपचुनाव: सुबह 11 बजे तक दो विधानसभा सीटों पर 26.24 प्रतिशत मतदान
Modified Date: November 29, 2022 / 07:47 pm IST
Published Date: November 3, 2020 7:22 am IST

भुवनेश्वर, तीन नवंबर (भाषा) ओडिशा में विधानसभा की दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव में सुबह 11 बजे तक कुल 4.67 लाख मतदाताओं में से करीब 26.24 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लिया था। निर्वाचन अधिकारियों ने कहा कि कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार को हो रहे मतदान में कोविड-19 से जुड़ी सावधानियों का भी सख्ती से पालन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बालासोर सीट पर 27.6 प्रतिशत मतदान तथा जगतसिंहपुर जिले की तीर्तोल सीट पर 24.93 प्रतिशत मतदाता 11 बजे तक मतदान कर चुके थे।

निर्वाचन अधिकारियों ने कहा कि सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है। कुछ स्थानों पर ‘मॉक’ (छद्म) मतदान के दौरान वीवीपीएटी मशीनों में गड़बड़ियां मिलीं जिन्हें ठीक कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि दोनों सीटों पर मतदाताओं की संख्या क्रमिक रूप से बढ़ रही है।

बालासोर से भाजपा विधायक मदन मोहन दत्ता और तीर्तोल से बीजू जनता दल के विधायक विष्णु चरण दास के निधन की वजह से इन सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं।

भाजपा ने बालासोर सीट से मदन मोहन दत्ता के पुत्र मानस कुमार दत्ता को टिकट दिया है जबकि बीजद ने स्वरूप दास को तथा कांग्रेस ने ममता कुंडू को इस सीट से टिकट दिया है।

वहीं तीर्तोल सीट पर बीजद ने विष्णु चरण दास के बेटे बिजय शंकर दास को अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस ने हिमांशु भूषण मलिक व भाजपा ने राजकिशोर बेहेरा को इस सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) एस के लोहानी ने कहा कि कोविड-19 महामारी के मद्देनजर सामाजिक दूरी का पालन सुनिश्चित करने के लिये किसी भी मतदान केंद्र पर एक हजार से ज्यादा मतदाताओं की संख्या नहीं रखी गई है।

भाषा

प्रशांत शाहिद

शाहिद

प्रशांत


लेखक के बारे में