ओडिशा: डीजीपी ने हिरासत में मौत के मामले में दाबुगांव के थाना प्रभारी को निलंबित किया
ओडिशा: डीजीपी ने हिरासत में मौत के मामले में दाबुगांव के थाना प्रभारी को निलंबित किया
कोरापुट (ओडिशा), नौ मई (भाषा) ओडिशा में पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की मौत के संबंध में कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में नवरंगपुर जिले के दाबुगांव थाने के प्रभारी निरीक्षक (आईआईसी) को निलंबित कर दिया गया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
इससे पहले, दाबुगांव थाने के तीन पुलिसकर्मियों को 23 वर्षीय आरोपी की हिरासत में मौत के बाद निलंबित किया गया था।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाई. बी. खुरानिया द्वारा शुक्रवार को हस्ताक्षरित एक आदेश में कहा गया है कि कथित गंभीर कदाचार और कर्तव्य में लापरवाही के लिए दाबुगांव थाने के आईआईसी रघुनाथ माझी को जांच लंबित रहने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इससे पहले, दाबुगांव पुलिस सीमा के अंचला गांव के निवासी पूर्णा कलार (23) की हिरासत में आत्महत्या से संबंधित मामले में 29 अप्रैल को उप-निरीक्षक विक्रम साहू और ओएपीएफ के कर्मी कर्ण पुजारी तथा बुधिराम माझीक को कथित लापरवाही के कारण निलंबित किया गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कलार को 28 अप्रैल को कथित तौर पर नाबालिग लड़की अपहरण मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उसे हवालात में रखा गया। 29 अप्रैल को थाने के शौचालय में उसका शव फंदे से लटका पाया गया, जिससे क्षेत्र में तनाव उत्पन्न हो गया।
नवरंगपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप संपद माडकर ने कहा था कि प्रारंभिक साक्ष्यों पर गौर करने पर निलंबित अधिकारियों की ओर से कर्तव्य में लापरवाही का संकेत मिला है।
भाषा जोहेब संतोष
संतोष

Facebook


