ओडिशा: मंत्री के आवास पर घरेलू सहायक की करंट लगने से मौत, बीजद ने जांच की मांग की

ओडिशा: मंत्री के आवास पर घरेलू सहायक की करंट लगने से मौत, बीजद ने जांच की मांग की

ओडिशा: मंत्री के आवास पर घरेलू सहायक की करंट लगने से मौत, बीजद ने जांच की मांग की
Modified Date: January 31, 2026 / 01:10 am IST
Published Date: January 31, 2026 1:10 am IST

भुवनेश्वर, 30 जनवरी (भाषा) ओडिशा के मंत्री कृष्णचंद्र पात्रा के भुवनेश्वर स्थित सरकारी आवास पर काम करने वाले एक घरेलू सहायक की बृहस्पतिवार को कथित तौर पर करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बलांगीर जिले के बेलपहार निवासी संकर्षण नाग (46) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, संकर्षण पिछले कुछ महीनों से मंत्री के आवास पर घरेलू सहायक के रूप में काम कर रहा था और वहीं स्थित क्वार्टर में रह रहा था।

पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को मंत्री के निजी कर्मचारी ने संकर्षण को कमरे के फर्श पर अचेत अवस्था में पाया, जिसके बाद उसे तुरंत कैपिटल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उसने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जगमोहन मीणा ने कहा, “प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि व्यक्ति की मौत दुर्घटनावश करंट लगने से हुई है। इस संबंध में अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।”

मंत्री के निजी कर्मचारी की मौत पर सवाल उठाते हुए विपक्षी बीजू जनता दल (बीजेडी) ने उसकी मौत की उचित जांच की मांग की।

यहां पार्टी कार्यालय में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए बीजद उपाध्यक्ष संजय दास वर्मा ने कहा कि राज्य के एक कैबिनेट मंत्री के सहायक की अचानक मृत्यु हो गई है और पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर शव परिवार को सौंप दिया है।

उन्होंने कहा, ‘सरकार के इस जल्दबाजी भरे कदम से कई सवाल खड़े होते हैं।’

भाषा राखी पारुल

पारुल


लेखक के बारे में