ओडिशा सरकार ने राज्य के शिक्षण संस्थाओं की अग्नि सुरक्षा निरीक्षण करने के निर्देश दिये
ओडिशा सरकार ने राज्य के शिक्षण संस्थाओं की अग्नि सुरक्षा निरीक्षण करने के निर्देश दिये
भुवनेश्वर, 24 जून (भाषा)ओडिशा सरकार ने बुधवार को राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों, कोचिंग सेंटर और कौशल विकास केंद्रों में अग्नि सुरक्षा की तैयारियों की तुरंत समीक्षा और ऑडिट करने के निर्देश दिये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को एक इमारत में आग लगने और उसमें 15 लोगों की मौत होने की घटना के बाद ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ओएसडीएमए) ने यह निर्देश जारी किया।
ओएसडीएमए के प्रबंध निदेशक और विशेष राहत आयुक्त राजेश प्रभाकर पाटिल ने सभी जिलाधिकारियों और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों (डीडीएमए) को लिखे एक पत्र में अग्नि सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की जरूरत को रेखांकित किया।
पाटिल ने पत्र में कहा,‘‘छात्रों, प्रशिक्षुओं, शिक्षकों और सहायक कर्मियों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।’’
पत्र में कहा गया कि नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के साथ ही, जिला प्रधाकारियों को निर्देश दिया जाता है कि वे ‘ओडिशा अग्नि निवारण एवं सुरक्षा नियमावली- 2017‘ और ‘ओडिशा अग्नि निवारण एवं अग्नि सुरक्षा (संशोधन) नियमावली-2025’ और अन्य लागू नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए तुरंत संस्थानों का जमीनी निरीक्षण करें।
डीडीएमए को निर्देश दिया गया है कि वे आग से सुरक्षा के व्यापक ऑडिट करें, लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था की जांच करें, पूर्वाभ्यास और क्षमता-निर्माण कार्यक्रम आयोजित करें, और आपातकालीन स्थितियों के लिए संस्थागत तैयारी सुनिश्चित करें।
ओएसडीएमए ने जिला प्रशासन से इन उपायों के लागू होने पर कड़ी नजर रखने के लिए भी कहा है।
अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी 15 दिनों के भीतर एक समेकित ‘कार्रवाई रिपोर्ट’ (एटीआर) सौंपे, जिसमें निरीक्षण किए गए संस्थानों की संख्या, पाई गई खामियों और शुरू किए गए सुधारात्मक उपायों का विवरण शामिल हो।
भाषा धीरज माधव
माधव

Facebook


