अस्पताल आग: ओडिशा सरकार ने हादसे की जांच की जिम्मेदारी सेवानिवृत्त न्यायाधीश को दी
अस्पताल आग: ओडिशा सरकार ने हादसे की जांच की जिम्मेदारी सेवानिवृत्त न्यायाधीश को दी
भुवनेश्वर, 16 मार्च (भाषा) ओडिशा सरकार ने कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के भीषण अग्निकांड की न्यायिक जांच की जिम्मेदारी सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश लक्ष्मीधर विश्वाल को दी है। गृह विभाग की अधिसूचना में यह जानकारी दी गई।
इस हादसे में कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि 11 कर्मचारी झुलस गए।
अधिसूचना के अनुसार, जांच आयोग को 60 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।
आयोग ट्रॉमा केयर आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) में लगी आग से पहले और बाद के घटनाक्रम पर गौर करेगा तथा इस त्रासदी में संबंधित व्यक्तियों और अधिकारियों की भूमिका व जवाबदेही तय करेगा।
इसके अलावा आपात स्थिति से निपटने की अस्पताल की तैयारी, आग लगने से पहले और बाद में किए गए राहत एवं बचाव उपायों की प्रभावशीलता की जांच करेगा तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अपने सुझाव देगा।
अधिसूचना में कहा गया, “गंभीर जनमहत्व के इस मामले को लेकर राज्य सरकार चिंतित है,” और पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए न्यायिक जांच की जरूरत है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अस्पताल में घटना स्थल का दौरा करने के तुरंत बाद न्यायिक जांच की घोषणा की थी।
उन्होंने अग्निशमन सेवा के महानिदेशक को स्वयं अस्पताल जाकर अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “न्यायिक जांच के बाद यदि कोई भी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
भाषा खारी दिलीप
दिलीप

Facebook


