डीजल के दाम बढ़ने के बाद ओडिशा सरकार ने बस किरायों में की बढ़ोतरी
डीजल के दाम बढ़ने के बाद ओडिशा सरकार ने बस किरायों में की बढ़ोतरी
भुवनेश्वर, दो जून (भाषा) ओडिशा सरकार ने डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को सभी यात्री वाहनों के बस किराए में वृद्धि कर दी।
परिवहन आयुक्त द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, सामान्य यात्री बस का किराया अब 90 पैसे से बढ़कर 92 पैसे प्रति किलोमीटर होगा।
इसी तरह, एक्सप्रेस बस का किराया 94 पैसे से बढ़ाकर 96 पैसे प्रति किलोमीटर कर दिया गया है।
डीलक्स बस के किराए में भी संशोधन किया गया है, जो अब 1.31 रुपये से बढ़कर 1.35 रुपये प्रति किलोमीटर हो गया है। एसी डीलक्स श्रेणी में यात्रा करने के लिए यात्रियों को अब 1.59 रुपये के बजाय 1.63 रुपये प्रति किलोमीटर का किराया देना होगा।
सुपर डीलक्स श्रेणी में किराए में छह पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है, जिससे संशोधित दर 2.53 रुपये प्रति किलोमीटर हो गई है।
किराया बढ़ोतरी को जरूरी बताते हुए अधिसूचना में कहा गया कि पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में 4.81 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है।
ओडिशा में 15 मई को डीजल की कीमत 95.87 रुपये प्रति लीटर थी, जो 31 मई को बढ़कर 100.68 रुपये प्रति लीटर हो गई।
अधिसूचना के अनुसार, ओडिशा के भीतर चलने वाली टाउन/सिटी बस को छोड़कर अन्य यात्री बस के लिए किराए में बढ़ोतरी की गई है और संशोधित किराए तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप

Facebook


