हीराकुड बांध से पानी छोड़े जाने के बाद महानदी में उफान, ओडिशा सरकार ने जारी किया अलर्ट

हीराकुड बांध से पानी छोड़े जाने के बाद महानदी में उफान, ओडिशा सरकार ने जारी किया अलर्ट

हीराकुड बांध से पानी छोड़े जाने के बाद महानदी में उफान, ओडिशा सरकार ने जारी किया अलर्ट
Modified Date: August 26, 2026 / 09:47 pm IST
Published Date: August 26, 2026 9:47 pm IST

भुवनेश्वर, 26 अगस्त (भाषा) ओडिशा सरकार ने हीराकुड बांध से छोड़े गए पानी के कटक के पास मुंडाली से गुजरने के बाद बुधवार को महानदी के निचले इलाकों में स्थित जिलों के लिए नया अलर्ट जारी किया।

अधिकारियों के अनुसार, यद्यपि इस पानी का बहुत अधिक प्रभाव नहीं पड़ेगा, लेकिन इससे खुर्दा, कटक, जगतसिंहपुर और पुरी जिलों के कुछ निचले हिस्से जलमग्न हो सकते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रशासन ने पहले से ही बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।

वर्तमान में तीन जिलों के 80,284 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, जबकि मौसम विभाग (आईएमडी) ने भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए कई जिलों के लिए ‘येलो’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।

राज्य के जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता दिलीप कुमार राउत ने बताया कि दोपहर 12 बजे मुंडाली बैराज से लगभग छह लाख क्यूसेक पानी बह रहा था, जो हीराकुड जलाशय से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के कारण शाम तक बढ़कर 6.70 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है।

उन्होंने कहा कि यह मामूली बाढ़ बंगाल की खाड़ी में गिरने से पहले लगभग नौ से 10 घंटे तक नदी के भीतर बनी रहेगी। इससे खेतों में पानी भर सकता है, लेकिन गांवों को अधिक नुकसान होने का अनुमान नहीं है। अतिरिक्त पानी निकालने के लिए हीराकुड बांध के 19 द्वार खोल दिए गए हैं।

राउत ने बताया कि महानदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण जलाशय में पानी की आवक बढ़ गई है।

हीराकुड बांध का जलस्तर 623 फुट तक पहुंच गया है, जबकि इसकी कुल क्षमता 630 फुट है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में और भारी बारिश का अनुमान जताया है, इसलिए जलाशय में जलस्तर को नियंत्रित रखना जरूरी हो गया है।

छत्तीसगढ़ में हुई भारी बारिश के कारण नदी उफान पर है।

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में