ओडिशा सरकार पिछली गलतियों से सबक नहीं ले रही: नवीन पटनायक ने रथ यात्रा में मौतों को लेकर कहा
ओडिशा सरकार पिछली गलतियों से सबक नहीं ले रही: नवीन पटनायक ने रथ यात्रा में मौतों को लेकर कहा
भुवनेश्वर, 25 जुलाई (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने इस वर्ष रथयात्रा के दौरान हुई तीन लोगों की मौत को लेकर ओडिशा सरकार की शनिवार को कड़ी आलोचना की।
पटनायक ने प्रशासन पर आयोजन में ‘‘लापरवाही बरतने’’ का आरोप लगाया और कहा कि सरकार पिछली घटनाओं से सबक लेने में विफल रही है।
इस वर्ष रथयात्रा के दौरान कम से कम तीन लोगों की मौत हुई। इनमें दो लोगों की मौत दम घुटने और एक व्यक्ति की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। इनमें से दो मौतें 16 जुलाई को रथों को गुंडिचा मंदिर ले जाए जाने के दौरान हुई थीं, जबकि एक व्यक्ति की मौत शुक्रवार को बहुड़ा यात्रा के दौरान हुई।
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता पटनायक ने सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रथयात्रा के दौरान ऐसी घटनाएं बार-बार क्यों होती हैं? सरकार इतनी लापरवाह क्यों है? यह बेहद चिंताजनक है कि सरकार महाप्रभु की नौ दिवसीय पवित्र यात्रा को सुरक्षित रूप से संपन्न कराने को महत्व देती नहीं दिख रही।’’
बीजद अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ‘‘पिछली गलतियों से सबक नहीं सीखना चाहते।’’
पिछले साल 29 जून को गुंडिचा मंदिर के पास मची भगदड़ में तीन लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। इसके बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए थे और पुरी के जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक (एसपी) का तबादला कर दिया था।
पटनायक ने सरकार से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि सभी अनुष्ठान बिना किसी बाधा के संपन्न हों।
पटनायक ने हालिया घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस बीच, पुरी जिला अस्पताल में घायल श्रद्धालुओं से मिलने पहुंचे बीजद उपाध्यक्ष संजय दास बर्मा ने कहा, ‘‘यह दुनिया के सबसे बड़े वार्षिक आध्यात्मिक समागम के प्रबंधन में ओडिशा सरकार की लगातार प्रशासनिक विफलता का एक और दुखद उदाहरण है।’’
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी

Facebook


