ओडिशा के अस्पताल में आग: सभी सरकारी अस्पतालों में अग्निशमन उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश
ओडिशा के अस्पताल में आग: सभी सरकारी अस्पतालों में अग्निशमन उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश
भुवनेश्वर, 22 मार्च (भाषा) ओडिशा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग ने रविवार को संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी सरकारी अस्पतालों में अग्निशमन उपकरण चालू हालत में हों।
मंत्री का यह निर्देश 16 मार्च को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ‘ट्रॉमा केयर आईसीयू’ में आग की घटना के बाद आया है, जिसमें 12 मरीजों की मौत हो गई थी।
महालिंग ने स्वास्थ्य, अग्निशमन सेवा और लोक निर्माण विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी और मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों के प्रमुख भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस बैठक में शामिल हुए।
बैठक में विभिन्न मेडिकल कॉलेजों, जिला मुख्यालय अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा, ‘‘मरीजों और आम जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।’’
मंत्री ने निर्देश दिया कि राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन किया जाए और नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए।
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


