ओडिशा: दो हत्यारोपियों की फरारी के मामले में दस्तावेज में हेरफेर के लिए जेल अधिकारी गिरफ्तार
ओडिशा: दो हत्यारोपियों की फरारी के मामले में दस्तावेज में हेरफेर के लिए जेल अधिकारी गिरफ्तार
कटक, 21 सितंबर (भाषा) ओडिशा पुलिस ने पिछले साल दो हत्यारोपियों के फरार होने के मामले में दस्तावेज़ में हेरफेर करने के आरोप में कटक जिला स्थित कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि चौद्वार सर्कल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक सुजीत कुमार राउला को रविवार शाम भुवनेश्वर स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया और कटक की एक अदालत में पेश किया गया।
उन्होंने बताया कि राउला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अधिकारी ने कहा, ‘चौद्वार सर्कल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक को पिछले साल हत्या के दो आरोपियों के भागने के मामले में दस्तावेज़ों की जालसाजी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।’
पुलिस ने यह कार्रवाई उड़ीसा उच्च न्यायालय द्वारा 29 अगस्त को जेल अधिकारी को गिरफ्तारी से मिले संरक्षण और चौद्वार थाने में दर्ज मामले में उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद की।
इस साल 17 जनवरी को कटक के चौद्वार सर्कल जेल की तत्कालीन जेलर संतोषिनी दास ने वरिष्ठ अधीक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने आरोप लगाया था कि पिछले साल दो अक्टूबर की देर रात जेल परिसर से दो हत्यारोपियों मधुकांत राणा और राजा साहनी के भागने के बाद वरिष्ठ अधीक्षक ने दस्तावेज़ में हेरफेर की थी।
जेलर ने आरोप लगाया था कि वरिष्ठ अधीक्षक ने दोनों आरोपियों की भागने में मदद की थी।
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश

Facebook


