ओडिशा : अपराधी होने के संदेह में प्रवासी श्रमिक के साथ मारपीट, तीन हिरासत में लिए गए
ओडिशा : अपराधी होने के संदेह में प्रवासी श्रमिक के साथ मारपीट, तीन हिरासत में लिए गए
भुवनेश्वर (ओडिशा), 22 जून (भाषा) ओडिशा के संबलपुर जिले में अपराधी होने के संदेह में केरल के एक प्रवासी श्रमिक के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार रविवार को खेतराजपुर थाना क्षेत्र में यह घटना हुई जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला सामने आया।
‘पीटीआई-भाषा’ इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी है।
संबलपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय मिश्रा ने बताया,‘‘ यह व्यक्ति काम की तलाश में संबलपुर आया था और करीब 15 दिनों से इलाके में घूम रहा था। ओड़िया भाषा नहीं बोल पाने और नहीं समझ पाने के कारण कुछ स्थानीय लोगों को लगा कि वह अपराधी है।’’
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर उसकी पिटाई कर दी तथा सूचना मिलने पर पुलिस ने बीच-बचाव किया।
मिश्रा ने कहा कि पुलिस के हस्तक्षेप के कारण श्रमिक को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
उन्होंने कहा कि प्राथमिक उपचार के बाद श्रमिक को उसके गृह राज्य भेज दिया गया।
मिश्रा ने बताया कि इस घटना के संबंध में खेतराजपुर थाने में मामला दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध नजर आए तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश

Facebook


