ओडिशा पुलिस ने मवेशी माफिया के खिलाफ छापेमारी की; नकदी और सोने के आभूषण जब्त किए
ओडिशा पुलिस ने मवेशी माफिया के खिलाफ छापेमारी की; नकदी और सोने के आभूषण जब्त किए
बालासोर, सात अप्रैल (भाषा) ओडिशा पुलिस ने मंगलवार को मयूरभंज, बालासोर और भद्रक जिलों में कम से कम 35 स्थानों पर मवेशी माफिया के खिलाफ समन्वित छापेमारी शुरू की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस उप महानिरीक्षक (पूर्वी रेंज) पिनाक मिश्रा ने मीडियाकर्मियों को बताया, ‘डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) के निर्देश पर हमने अवैध पशु परिवहन और तस्करी के संबंध में 32 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है। इन स्थानों की पहचान पहले हुई जांच के दौरान की गई थी क्योंकि कुछ लोग संगठित अपराध की तरह इस अवैध गतिविधि में लिप्त थे।’
उन्होंने बताया कि छापेमारी में आठ अतिरिक्त एसपी रैंक के अधिकारी, 17 डीएसपी रैंक के अधिकारी, 25 निरीक्षक, 67 अन्य पुलिस अधिकारी और पुलिस बल की 18 प्लाटून शामिल थीं। पुलिस बल की एक प्लाटून में 30 जवान होते हैं।
मिश्रा ने कहा, ‘प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, हमने 50 लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण, अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल किए गए कई वाहन जब्त किए हैं। छापेमारी के दौरान आग्नेयास्त्र और अन्य हथियार भी जब्त किए गए हैं।’
उन्होंने बताया कि लगभग 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
डीआईजी ने बताया कि आग्नेयास्त्रों और अन्य हथियारों की ज़ब्ती से संकेत मिलता है कि गायों की तस्करी एक संगठित अपराध की तरह की जा रही थी। उन्होंने आगे कहा कि हाल में तीनों जिलों में अवैध पशु परिवहन से संबंधित कई मामले दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने कहा, ‘हम पशु तस्करी के प्रति बिल्कुल भी सहनशीलता नहीं रखते हैं। इसलिए हमने यह अभियान शुरू किया है, जो अभी जारी है।’
उन्होंने कहा कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद और अधिक जानकारी प्रदान की जाएगी।
एसपी मनोज राउत ने पत्रकारों को बताया कि छापेमारी जारी रहने के दौरान, पुलिस ने भद्रक जिले में पशु माफिया के कब्जे से अब तक 20 लाख रुपये से अधिक की नकदी, सोने के आभूषण, वाहन, आग्नेयास्त्र और अन्य संपत्ति बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बारीपदा टाउन, भंजपुर, झरपोखरिया, सुलियापाड़ा, बंगरीपोसी, बैसिंगा और बादामपहाड़ जैसे सात पुलिस थाना क्षेत्रों में फैले 15 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “भारी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, बैंक पासबुक, संपत्ति संबंधी दस्तावेज और मवेशियों की अवैध ढुलाई में इस्तेमाल होने वाले वाहन जब्त किए गए हैं। दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। आगे की तलाशी जारी है।”
भाषा तान्या माधव
माधव

Facebook


