ओडिशा पुलिस ने मवेशी तस्करों के खिलाफ छापेमारी की; 50 लाख रुपये नकदी, आभूषण जब्त
ओडिशा पुलिस ने मवेशी तस्करों के खिलाफ छापेमारी की; 50 लाख रुपये नकदी, आभूषण जब्त
बालासोर, सात अप्रैल (भाषा) ओडिशा पुलिस ने मंगलवार को मयूरभंज, बालासोर और भद्रक जिलों में कम से कम 32 स्थानों पर मवेशी तस्करों के खिलाफ समन्वित छापेमारी की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (पूर्वी रेंज) पिनाक मिश्रा ने मीडियाकर्मियों को बताया, ‘‘पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देश पर, हमने अवैध पशु परिवहन और तस्करी के संबंध में 32 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इन स्थानों को पूर्व की जांच के दौरान चिह्नित किया गया, क्योंकि कुछ लोग संगठित अपराध की तरह इस अवैध गतिविधि में लिप्त थे।’’
उन्होंने बताया कि छापेमारी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रैंक के आठ अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक रैंक के 17 अधिकारी, 25 निरीक्षक, 67 अन्य पुलिस अधिकारी एवं पुलिस बल की 18 प्लाटून शामिल थीं। पुलिस बल की एक प्लाटून में 30 जवान होते हैं।
मिश्रा ने कहा, ‘‘प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, हमने 50 लाख रुपये नकदी, भारी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण, अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल किए गए कई वाहन जब्त किए हैं। छापेमारी के दौरान आग्नेयास्त्र और अन्य हथियार भी जब्त किए गए हैं।’’ उन्होंने बताया कि लगभग 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
डीआईजी ने कहा कि आग्नेयास्त्रों और अन्य हथियारों की जब्ती से संकेत मिलता है कि गो-तस्करी संगठित अपराध की तरह की जा रही थी। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में तीनों जिलों में अवैध पशु परिवहन से संबंधित कई मामले दर्ज किए गए हैं।
भाषा आशीष सुरेश
सुरेश

Facebook


