ओडिशा: बीजद विधायक के पति के खिलाफ दर्ज मामले के सिलसिले में पुलिस पहुंची घर
ओडिशा: बीजद विधायक के पति के खिलाफ दर्ज मामले के सिलसिले में पुलिस पहुंची घर
भुवनेश्वर, 29 मार्च (भाषा) ओडिशा पुलिस की एक टीम कालाहांडी जिले के नरला में बीजू जनता दल (बीजद) की मौजूदा विधायक मनोरमा मोहंती के पति के खिलाफ दर्ज एक मामले के सिलसिले में रविवार को उनके आधिकारिक आवास पर पहुंची। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मनोरमा के पति बीजद के नरला ब्लॉक के अध्यक्ष हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि तहसीलदार की लिखित शिकायत के बाद 15 मार्च को नरला थाने में मामला दर्ज किया गया और इसमें आरोप लगाया गया है कि मोहंती के पति ने तहसीलदार को धमकी दी थी।
मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार है।
पुलिस टीम रविवार सुबह विधायक के आधिकारिक आवास पर मामले से संबंधित नोटिस देने गई थी लेकिन आरोपी वहां मौजूद नहीं था।
मोहंती ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि पुरुष पुलिस अधिकारियों की एक टीम उनके घर में घुस गई, जबकि उस समय वह और उनके पति घर पर नहीं थे।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मेरी बेटी और घरेलू सहायिका उस समय घर पर मौजूद थीं और पुलिस बिना किसी पूर्व सूचना के जबरन मेरे घर में घुस गई। पुलिस अधिकारियों ने मेरी बेटी से दुर्व्यवहार किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर मेरी बेटी को कुछ हो जाता, तो कौन जिम्मेदार होता? मैं मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष पर यह जिम्मेदारी छोड़ती हूं कि वे मुझे, एक महिला विधायक को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक निर्णय लें।’’
इससे पहले, बीजद की युवा शाखा के अध्यक्ष चिन्मय साहू ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान नहीं करने के कारण पार्टी विधायक और उनके परिवार के खिलाफ ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ लिया है।
दूसरी ओर भाजपा प्रवक्ता अनिल बिस्वाल ने कहा, ‘‘नरला विधायक के पति पर जीवन को खतरे में डालने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस को अपना कर्तव्य निभाने दिया जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि अगर विधायक को लगता है कि यह ‘‘राजनीति प्रतिशोध’’ है, तो उन्हें अदालत का रुख करना चाहिए।
भाषा यासिर संतोष
संतोष

Facebook


