ओडिशा के व्यावसायिक संपर्क कार्यक्रम में 66,392 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले: मुख्यमंत्री माझी
ओडिशा के व्यावसायिक संपर्क कार्यक्रम में 66,392 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले: मुख्यमंत्री माझी
भुवनेश्वर, आठ अगस्त (भाषा) नयी दिल्ली में दो दिवसीय निवेश संपर्क कार्यक्रम के दौरान ओडिशा को 66,392 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले जिनके तहत 54,135 नौकरियां सृजित होने की संभावना है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि यह कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हुआ।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्य ने 64,703 करोड़ रुपये के निवेश वाले 38 समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए और 1,689 करोड़ रुपये के निवेश आशय पत्र (आईआईएफ) प्राप्त किए।
यह संपर्क कार्यक्रम शुक्रवार को आयोजित सफल ‘ओडिशा फूड प्रो 2026’ के बाद हुआ। इसमें मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की प्रमुख निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ आमने-सामने की बैठकें हुईं, साथ ही खास क्षेत्रों पर केंद्रित गोलमेज चर्चाएं भी आयोजित की गईं।
माझी ने नोएडा में ‘हायर’ फैक्टरी की विनिर्माण इकाई का भी दौरा किया, जहां उन्होंने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों और तकनीशियनों से बातचीत की और कंपनी की विनिर्माण प्रक्रियाओं और प्रणालियों का जायजा लिया।
बयान में कहा गया है कि इस दौरे से अत्याधुनिक विनिर्माण के तौर-तरीकों को समझने और राज्य के विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के संभावित अवसरों का पता लगाने का मौका मिला, खासकर इलेक्ट्रॉनिक्स, टिकाऊ उपभोक्ता सामान, आपूर्ति शृंखला और सहायक उद्योगों के क्षेत्र में।
माझी ने कहा, ‘‘ओडिशा एक ऐसा पारिस्थितिकी तंत्र बना रहा है जहां उद्योगों का विकास हो सके, नौकरियां सृजित की जा सकें और दीर्घकालिक मूल्य निर्माण किया जा सके। हमारा ध्यान केवल निवेश लाने पर ही नहीं, बल्कि रोजगार पैदा करने, स्थानीय आपूर्ति शृंखला को मज़बूत करने और युवाओं के लिए नए मौके बनाने पर भी है। हम चाहते हैं कि निवेशक ओडिशा को विकास के लिए एक भरोसेमंद और लंबे समय के पार्टनर के तौर पर देखें।’’
भाषा संतोष माधव
माधव

Facebook


