ओडिशा में कोविड-19 के 237 नये मामले, दो और मरीजों की मौत

Ads

ओडिशा में कोविड-19 के 237 नये मामले, दो और मरीजों की मौत

  •  
  • Publish Date - December 1, 2021 / 05:02 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:48 PM IST

भुवनेश्वर, एक दिसंबर (भाषा) ओडिशा में बुधवार को कोविड के 237 नये मामले सामने आये, जो एक दिन पहले की तुलना में नौ अधिक हैं। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 10,49,345 हो गई है। वहीं,पुडुचेरी में कोविड 19 के 41 और लद्दाख में 38 नए मामले सामने आए।

ओडिशा के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एक बुलेटिन के अनुसार राज्य मेंदो और व्यक्तियों की इस बीमारी के कारण मौत हो गई जिससे प्रदेश में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 8,413 हो गई। राज्य में अब 2,370 उपचाराधीन मरीज हैं, जबकि अब तक 10,38,509 लोग संक्रमण से ठीक हो चुके हैं जिसमें से पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 203 मरीज शामिल हैं।

पुडुचेरी से मिली खबर के अनुसार केंद्र शासित प्रदेश में कोविड-19 के 41 नये मामले सामने आये हैं जिससे यहां इसके कुल मामले बढ़कर 1,28,965 हो गए हैं। यहां उपचाराधीन मरीजों की संख्या 289 है।

स्वास्थ्य विभाग के निदेशक जी श्रीरामुलू के अनुसार पिछले 24 घंटे में 35 मरीज संक्रमण मुक्त हुए जिससे अभी तक ठीक हुए मरीजों की संख्या बढ़कर 1,26,803 हो गई है। वहीं एक और व्यक्ति की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 1873 हो गई है।

वहीं, लेह से मिली खबर के अनुसार केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में कोविड-19 के 38 नये मामले सामने आये हैं जिससे यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 21,578 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 276 हो गई है।

भाषा अमित पवनेश

पवनेश