कोझिकोड में भीषण आग लगने से तेल मिल जलकर खाक; आठ घंटे बाद आग पर काबू
कोझिकोड में भीषण आग लगने से तेल मिल जलकर खाक; आठ घंटे बाद आग पर काबू
कोझिकोड (केरल), 27 जुलाई (भाषा) केरल के कोझिकोड जिले के बेपोर में नारियल तेल की एक प्रमुख मिल में भीषण आग लग जाने से मिल पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। दमकल अधिकारियों को आग पर काबू पाने में आठ घंटे से अधिक का समय लगा। दमकल एवं बचाव सेवा अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
रविवार रात करीब 10:30 बजे बेपोर के पास वेस्ट माहे में रेणुका ऑयल मिल में आग लग गई।
अधिकारियों के मुताबिक, कर्मचारियों ने आग देखी और दमकल एवं बचाव सेवा को इसकी सूचना दी।
शुरुआती जांच में पता चला कि आग उस हिस्से से शुरू हुई जहां खोपरा (सूखा नारियल) को जलाऊ लकड़ी से संचालित भट्ठी में सुखाने के लिए रखा हुआ था।
अधिकारियों को संदेह है कि आग संभवत: सुखाने की भट्ठी में शुरू हुई और फिर तेजी से फैक्टरी के अंदर रखे खोपरे के भंडार, बोरियों, प्लास्टिक की बोतलों और मशीनों तक फैल गई।
आग में परिसर में खड़ी एक लॉरी भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
शुरुआत में मीनचंदा दमकल केंद्र से दमकल की तीन गाड़ियां भेजी गई थीं।
अधिकारियों ने बताया कि आग के तेज होते ही आस-पास के दमकल केंद्रों से दमकल की 10 और गाड़ियों को सेवा में लगाया गया।
आग पर काबू पाने में आठ घंटे से अधिक का समय लगा।
आग को दोबारा भड़कने से रोकने के लिए दमकलकर्मियों ने सोमवार को भी खोपरा भंडार को हटाने और शेष स्थानों को ठंडा करने का काम जारी रखा।
मिल मालिकों ने पत्रकारों को बताया कि यह फैक्टरी पिछले 26 सालों से चल रही थी और केरल में नारियल तेल का उत्पादन एवं आपूर्ति करने के साथ-साथ अपने उत्पादों का निर्यात भी करती थी।
उन्होंने बताया कि आग में मशीनरी, खोपरा भंडार और भंडार किया हुआ तेल पूरी तरह से जलकर खाक हो गया।
मिल मालिकों के अनुसार, रविवार शाम सात बजे फैकटरी का काम बंद हो गया था और जब आग फैलनी शुरू हुई, तो वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
हालांकि, नुकसान का सही अंदाजा अभी नहीं लग पाया है लेकिन मिल मालिकों ने सात करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया है।
भाषा सुरभि गोला
गोला

Facebook


