सड़क हादसे पर सांसद ने कहा: मेरा बेटा जांच में पूरी तरह सहयोग कर रहा है

Ads

सड़क हादसे पर सांसद ने कहा: मेरा बेटा जांच में पूरी तरह सहयोग कर रहा है

  •  
  • Publish Date - August 22, 2026 / 02:34 PM IST,
    Updated On - August 22, 2026 / 02:34 PM IST

हैदराबाद, 22 अगस्त (भाषा) अपने पुत्र की कथित संलिप्तता वाली दुर्घटना में एक महिला की मौत हो जाने पर दुख प्रकट करते हुए आंधप्रदेश के जन सेना सांसद लिंगमनेनी रमेश ने कहा कि उनके बेटे ने बिना देर किए पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया और वह जांच में पूरा सहयोग कर रहा है।

रमेश ने कहा कि उनका परिवार शोक-संतप्त परिवार को हर संभव मदद देगा । उन्होंने लोगों से अपील की कि वे हालात के बारे में कोई अटकलें न लगाएं या पहले से कोई राय न बनाएं, बल्कि जांच से पूरी सच्चाई सामने आने दें।

सांसद ने मृत महिला के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कोई भी शब्द उनके दुख को कम नहीं कर सकता और इस मुश्किल घड़ी में वह एवं उनका परिवार उनके साथ खड़े हैं।

रमेश ने ‘एक्स’ पर डाले गये एक बयान में कहा कि 16 अगस्त को कार चल रहे उनके बेटे संजुश (21) ने हादसे के तत्काल बाद बिना किसी देरी के पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया और बाद में पुलिस को हादसे की सूचना दी।

उन्होंने बताया कि मामला दर्ज किया गया और उनके बेटे के तीन अलग-अलग मेडिकल परीक्षण किए गए, जिनकी रिपोर्ट ‘नेगेटिव’ आई।

रमेश ने कहा कि उनका बेटा मौजूदा जांच में अधिकारियों का पूरा सहयोग कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इस मामले में कुछ भी छिपाया नहीं जा रहा है और न ही उनके परिवार ने किसी भी तरह से कानूनी प्रक्रिया से बचने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे ने ज़रूरी हर प्रक्रिया का पालन किया है।

सांसद ने कहा, ‘‘एक ज़िम्मेदार पद पर होने के नाते, मैं सभी को भरोसा दिलाता हूं कि मैं पुलिस विभाग और मौजूदा जांच में पूरा सहयोग करूंगा। हमें पूरा भरोसा है कि निष्पक्ष और बिना किसी भेदभाव वाली कानूनी प्रक्रिया के जरिए सच सामने आएगा।’’

रमेश ने सभी से अपील की कि वे पीड़ित परिवार के दुख का सम्मान करें, झूठी या बिना पुष्टि वाली जानकारी न फैलाएं और कानून को अपना काम करने दें।

यहां एक मॉल में विक्रय अधिकारी के रूप में काम करने वाली ओडिशा की भारती मुखी 16 अगस्त को जब सड़क पार कर रही थी तब संजुश की लक्जरी कार ने उसे टक्कर मार दी थी और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी थी। कार कथित रूप से तेज गति से एवं लापरवाही पूर्वक चलायी जा रही थी।

भाषा राजकुमार रंजन

रंजन