गुजरात में एसयूवी ने पैदल यात्रियों, श्रद्धालुओं को टक्कर मारी, एक की मौत, 11 घायल

Ads

गुजरात में एसयूवी ने पैदल यात्रियों, श्रद्धालुओं को टक्कर मारी, एक की मौत, 11 घायल

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 11:05 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 11:05 PM IST

साबरकांठा, 21 सितंबर (भाषा) गुजरात के साबरकांठा जिले में सोमवार शाम एक राज्य राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार एसयूवी ने श्रद्धालुओं सहित दर्जनों पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक पार्थराजसिंह गोहिल ने बताया कि एसयूवी चालक भरत पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है और इस बात की जांच की जा रही है कि क्या वह शराब के नशे में था।

घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर वाहन में आग लगा दी।

उन्होंने बताया कि घायलों में अंबाजी माता मंदिर जा रहे श्रद्धालु और सामाजिक सेवा के लिए सड़क किनारे लगाए गए ‘सेवा दल’ शिविरों के लोग शामिल हैं।

गोहिल ने कहा, ‘हादसे में सेवा दल के एक सदस्य की मौत हो गई।’

उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना चार लेन वाले राज्य राजमार्ग पर हुई। पदयात्रियों की सुविधा के लिए सड़क की एक लेन को अवरोधक लगाकर छह से सात दिन के लिए यातायात के लिए बंद कर दिया गया था।

गोहिल ने कहा, ‘चालक ने जब अवरोधक तोड़ने का प्रयास किया, तो ग्राम रक्षक दल (जीआरडी) के एक जवान ने एसयूवी को रोकने की कोशिश की, लेकिन वाहन आगे निकल गया।’

उन्होंने बताया कि चालक को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

घायलों को तत्काल स्थानीय शासकीय अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘चालक हिम्मतपुरा गांव का निवासी है। हम जांच कर रहे हैं कि दुर्घटना के समय कहीं वह किसी नशीले पदार्थ के प्रभाव में तो नहीं था।’

भाषा सुमित नेत्रपाल

नेत्रपाल