देहरादून, 26 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं में उफनती नदियों में बहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य लापता हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट क्षेत्र के दूनाकोट गांव में बुधवार सुबह एक व्यक्ति बंदरों को भगाने के लिए रोतिस नदी के किनारे स्थित अपने खेत में जा रहा था। इसी दौरान नदी पार करते समय वह अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी में तलाश अभियान चलाया। अभियान के दौरान उसका शव बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान 42 वर्षीय भगवान सिंह के रूप में हुई है।
एक अन्य घटना हरिद्वार में शाम को बैरागी कैंप के पास लवर्स प्वाइंट पर हुई, जहां नहाते समय पैर फिसलने के बाद एक युवक गंगा के तेज बहाव में बह गया और लापता हो गया।
बचाव एवं राहत दल युवक की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है। लापता युवक की पहचान हरिद्वार के कनखल निवासी 18 वर्षीय दीपू के रूप में हुई है।
राज्य में बुधवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र ने बृहस्पतिवार को पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से बहुत तीव्र दौर का भी अनुमान है।
भाषा
दीप्ति रवि कांत