दिल्ली में सड़क किनारे खड़ी बाइक को कार ने टक्कर मारी, एक जख्मी

दिल्ली में सड़क किनारे खड़ी बाइक को कार ने टक्कर मारी, एक जख्मी

दिल्ली में सड़क किनारे खड़ी बाइक को कार ने टक्कर मारी, एक जख्मी
Modified Date: September 18, 2026 / 11:33 am IST
Published Date: September 18, 2026 11:33 am IST

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) दक्षिण पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम इलाके में अफ्रीका एवेन्यू रोड पर एक कार ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मार दी जिससे एक शख्स घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कार चालक 73 वर्ष आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिसकी पहचान वसंत कुंज निवासी वेणु गोपाल के तौर पर हुई है।

पुलिस ने बताया कि कार ने बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे भीकाजी कामा प्लेस से आरके पुरम मेट्रो स्टेशन की ओर जाते समय एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उस समय मुनीरका गांव निवासी तनिष्क टोकस (21) सड़क किनारे खड़ी अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा हुआ था।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि टक्कर के प्रभाव से टोकस मोटरसाइकिल से नीचे गिर गया और कार बाइक को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गई।

पुलिस ने कहा कि टोकस खुद बाइक के साथ नहीं घसीटा गया था। पुलिस ने बताया कि उसकी मेडिकल जांच कराई गई और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई है।

पुलिस को आरके पुरम थाने में रात करीब 10:22 बजे दुर्घटना के संबंध में सूचना मिली, जिसके बाद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने आरके पुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार को जब्त कर लिया और आरोपी वेणु गोपाल को पकड़ लिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी का भी मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई।

मामले में आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान रंजन वैभव

वैभव


लेखक के बारे में