पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग फ्लाईओवर पर हादसा, एक व्यक्ति की मौत
पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग फ्लाईओवर पर हादसा, एक व्यक्ति की मौत
नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग फ्लाईओवर पर मंगलवार को सड़क हादसे में 24 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 8:10 बजे घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटर गिरे हुए थे।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर दो व्यक्ति घायल अवस्था में थे जिन्हें तुरंत आचार्य भिक्षु अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारी ने बताया कि घायलों में से एक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रोहिणी के सेक्टर 20 निवासी विजय के रूप में हुई है।
वहीं, मोनू नाम के एक अन्य घायल व्यक्ति को गंभीर चोटों के कारण सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
अधिकारी ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को निरीक्षण के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
मृतक की बहन बीरवती ने बताया कि विजय छह बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा था।
उन्होंने कहा, ‘हमारे पिता के निधन को लगभग 18 साल हो चुके हैं और विजय ही हमारे परिवार में कमाई करने वाला मुख्य सदस्य था।’
बीरवती ने बताया कि विजय सुबह जल्दी उनसे मिलने आया था और करीब 7.30 बजे उनके घर से निकला था, जिसके बाद लगभग 8:30 बजे यह हादसा हो गया।
भाषा
प्रचेता अविनाश
अविनाश

Facebook


