दिल्ली हवाई अड्डे पर बाजूबंद में छिपाया गया एक किलोग्राम सोना बरामद, दो महिलाएं गिरफ्तार
दिल्ली हवाई अड्डे पर बाजूबंद में छिपाया गया एक किलोग्राम सोना बरामद, दो महिलाएं गिरफ्तार
नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने इस्तांबुल से आई दो महिला यात्रियों के पास से ‘बाजूबंद’ में छिपाकर लाया जा रहा करीब एक किलोग्राम सोना जब्त किया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी
आधिकारिक बयान के अनुसार, दोनों महिला यात्री पांच अगस्त को आईजीआई हवाई अड्डे पर पहुंची थीं। ‘एडवांस पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम’ (एपीआईएस) के आधार पर प्रोफाइलिंग के बाद उन्हें ग्रीन चैनल पार करने के उपरांत रोका गया।
बयान में कहा गया है कि यात्रियों के सामान की एक्स-रे जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
हालांकि, दोनों महिला यात्रियों की ‘डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर’ (डीएफएमडी) से गुजरते समय जांच में कुछ संदेह होने पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने उनकी विस्तृत व्यक्तिगत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान अधिकारियों ने लगभग एक किलोग्राम सोना बरामद किया, जिस पर बाहर से चांदी की परत चढ़ाई गई थी और उसे यात्रियों की ऊपरी भुजाओं पर पहने गए बाजूबंद की आड़ में छिपाया गया था।
बयान के अनुसार, बरामद सोने को सीमा शुल्क अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है और तस्करी का मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि तस्करी कर लाए गए सोने के स्रोत तथा इस बात का पता लगाने के लिए जांच जारी है कि क्या दोनों महिलाएं किसी बड़े तस्करी गिरोह का हिस्सा हैं।
भाषा मनीषा शोभना
शोभना

Facebook


