सोशल मीडिया पर आईएसआईएस की विचारधारा को बढ़ाने के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार किया
सोशल मीडिया पर आईएसआईएस की विचारधारा को बढ़ाने के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार किया
कच्छ (गुजरात), दो मई (भाषा) गुजरात के कच्छ जिले में 32 वर्षीय एक व्यक्ति को आतंकवादी संगठन आईएसआईएस की विचारधारा को सोशल मीडिया पर बढ़ावा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कच्छ के भुज निवासी आरोपी फकीरमामद गगड़ा को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया।
पश्चिम कच्छ-भुज विशेष अभियान समूह (एसओजी) द्वारा जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उसने कथित तौर पर एक विशेष विचारधारा को बढ़ावा देने वाले वीडियो, लेख और तस्वीरें पोस्ट की थीं।
उसके मोबाइल फोन की जांच करने पर पता चला कि आरोपी ने अलग-अलग नामों से कई इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट बनाए थे।
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘यह सामने आया कि वह आतंकवादी संगठन आईएसआईएस की विचारधारा का पालन कर रहा था और सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट भी साझा कर रहा था जो लोगों को इस्लामी युद्ध, खिलाफत और जिहाद के लिए इकट्ठा होने के लिए गुमराह कर रही थीं, जिससे भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरा पैदा हो रहा था।’’
विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुलिस ने गगड़ा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
भाषा वैभव रंजन
रंजन

Facebook


