कोलकाता में कहासुनी के बाद एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, चार लोग गिरफ्तार

कोलकाता में कहासुनी के बाद एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, चार लोग गिरफ्तार

कोलकाता में कहासुनी के बाद एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, चार लोग गिरफ्तार
Modified Date: March 26, 2026 / 08:56 pm IST
Published Date: March 26, 2026 8:56 pm IST

कोलकाता, 26 मार्च (भाषा) कोलकाता के पटुली इलाके में आधी रात के बाद गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गयी और उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि घटना के सिलसिले में एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

राहुल डे (35) पूर्वी फूलबागान इलाके में एक आवासीय भवन में रात करीब 12:30 बजे खून से लथपथ पड़ा मिला। उसका दोस्त, जीत मुखर्जी भी घायल अवस्था में उसके पास पड़ा मिला।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डे को पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि मुखर्जी को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि डे और मुखर्जी समेत कई लोग इमारत की छत पर मौजूद थे और कुछ खा-पी कर रहे थे। डे को मुखर्जी के फ्लैट पर आमंत्रित किया गया था और दो अन्य लोग छत पर शराब पी रहे थे। कुछ ही देर में दो दोस्तों की अन्य लोगों से कहासुनी हुई, जिसके बाद गोलियां चलायी गयीं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों लोगों की पहचान दीप रॉय, बिधान बनर्जी, राजा बनिक और जयंतो घोष के रूप में हुई है। ये सभी शहर के दक्षिणी बाहरी इलाकों में स्थित पास के गरिया, नकटला, नेताजीनगर और नरेंद्रपुर क्षेत्रों के निवासी हैं।

पुलिस ने बताया कि पड़ोसियों और उनके परिवार के अनुसार डे तृणमूल कांग्रेस से जुड़े थे, लेकिन हत्या किसी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता या व्यापारिक मुद्दों पर हुए विवाद से संबंधित नहीं थी।

भाषा गोला रंजन

रंजन


लेखक के बारे में