जीआरपी कांस्टेबल की पीट-पीटकर हत्या मामले में एक और आरोपी पकड़ा, अब तक 18 गिरफ्तार

जीआरपी कांस्टेबल की पीट-पीटकर हत्या मामले में एक और आरोपी पकड़ा, अब तक 18 गिरफ्तार

जीआरपी कांस्टेबल की पीट-पीटकर हत्या मामले में एक और आरोपी पकड़ा, अब तक 18 गिरफ्तार
Modified Date: June 2, 2026 / 03:28 pm IST
Published Date: June 2, 2026 3:28 pm IST

भुवनेश्वर, दो जून (भाषा) ओडिशा में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक कांस्टेबल की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

हालिया गिरफ्तारी के साथ ही सात मई की इस घटना में अब तक गिरफ्तार हुए व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।

पुलिस के मुताबिक, भुवनेश्वर के बाहरी इलाके स्थित बलिआंता थाना क्षेत्र के भिंगरपुर-काजा में सात मई को एक भीड़ ने जीआरपी जवान सौम्य रंजन को एक खंभे से बांधकर कथित तौर पर बेरहमी से पीटा था, जिससे उसकी मौत हो गयी थी।

पुलिस ने बताया कि एक महिला ने कांस्टेबल पर उसके दोपहिया वाहन को अपनी मोटरसाइकिल से टक्कर मारने के बाद दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया था, जिसके बाद लोगों ने रंजन को खंभे से बांधकर पीटा था।

राज्य पुलिस की अपराध शाखा ने एक बयान में कहा, ‘‘जांच के दौरान जुटाए गए ठोस साक्ष्यों के आधार पर एक जून की रात बलिआंता क्षेत्र के बेनुपुर निवासी प्रदीप मनगारा उर्फ दीपू (46) को ढेंकनाल से गिरफ्तार किया गया है।’’

इस मामले की जांच ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा को सौंपी गई है।

एक अधिकारी ने बताया कि जांच में आरोपियों के रंजन पर हमले में शामिल होने की बात सामने आयी है। उन्होंने कहा कि अब तक वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान किए गए कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब आठ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं।

इस बीच, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) की दो सदस्यीय टीम ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। टीम मंगलवार को घटनास्थल का दौरा करने के साथ ही रंजन के पैतृक गांव भी जाएगी।

एक दिन पहले एनएचआरसी टीम ने इस मामले में बलिआंता थाने के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार परिदा से पूछताछ की थी।

सूत्रों के अनुसार, टीम ने जीआरपी के एक वरिष्ठ अधिकारी से भी पूछताछ की और जांच के तहत रंजन की सेवा पुस्तिका की भी समीक्षा की गई।

अपराध शाखा के पुलिस अधीक्षक अनिरुद्ध राउतराय ने कहा, ‘‘हम एनएचआरसी की टीम को उनकी जांच में हर संभव सहयोग उपलब्ध करा रहे हैं।’’

भाषा

खारी अमित

अमित


लेखक के बारे में