हरियाणा के कुरुक्षेत्र में करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत, बचाने की कोशिश में दूसरे की भी जान गई
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत, बचाने की कोशिश में दूसरे की भी जान गई
कुरुक्षेत्र, 13 जून (भाषा) हरियाणा में कुरुक्षेत्र जिले के एक गांव में हाई-वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आने से करंट लगने के कारण दो पुरुषों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हाई-वोल्टेज बिजली के तार के संपर्क में भूलवश आ जाने से शमशेर सिंह (42) की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने की कोशिश के दौरान मकान मालिक पृथ्वी सिंह (62) को भी बिजली का झटका लगा।
यह घटना शुक्रवार रात बीर-मथाना गांव में हुई।
पुलिस के अनुसार, गांव में एक घर की पहली मंजिल पर किराए के कमरे में रहने वाले ऑटो-रिक्शा चालक शमशेर सिंह रात करीब साढ़े नौ बजे अपना कमरा साफ कर रहे थे, तभी उनका हाथ गलती से घर के पास से गुजर रहे हाई-वोल्टेज बिजली के तार के संपर्क में आ गया।
स्थानीय थाना प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि मदद के लिए उनकी चीखें सुनकर पृथ्वी सिंह (62) उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी बिजली के तार के संपर्क में आ गए और उन्हें जबरदस्त बिजली का झटका लगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस झटके से दोनों व्यक्ति नीचे गैलरी वाले हिस्से में गिर पड़े। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पृथ्वी सिंह के बेटे प्रिंस के बयान के आधार पर दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है।
अधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


