ऑपरेशन सिंदूर भारत की ताकत का प्रतीक : ओडिशा के मुख्यमंत्री माझी

Ads

ऑपरेशन सिंदूर भारत की ताकत का प्रतीक : ओडिशा के मुख्यमंत्री माझी

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 04:40 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 04:40 PM IST

भुवनेश्वर, सात मई (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बृहस्पतिवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की ताकत का प्रतीक था और इसने स्पष्ट संदेश दिया कि देश की सुरक्षा को किसी भी तरह की चुनौती का जवाब निर्णायक बल से दिया जाएगा।

ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरा होने पर माझी ने भारतीय सशस्त्र बलों के बहादुर जवानों के प्रति गहरा सम्मान और आभार व्यक्त किया। उन्होंने भारत की संप्रभुता, सुरक्षा और राष्ट्रीय गौरव की रक्षा के लिए उनके साहस, वीरता और समर्पण की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर नए भारत के संकल्प, सटीकता और शक्ति का सशक्त प्रतीक है। इसने स्पष्ट संदेश दिया कि भारत की संप्रभुता और सुरक्षा को किसी भी प्रकार की चुनौती का जवाब निर्णायक बल से दिया जाएगा।’’

पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने पिछले साल छह-सात मई की दरमियानी रात को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए गए

ओडिशा के उपमुख्यमंत्री के.वी. सिंह देव ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल जवाबी कार्रवाई नहीं था, बल्कि यह स्पष्ट संदेश था कि भारत की आतंकवाद को बिल्कुल न बर्दाश्त करने की नीति है।

भाषा गोला नरेश

नरेश