धान की खरीद को लेकर ओडिशा विधानसभा में विपक्षी विधायकों का हंगामा
धान की खरीद को लेकर ओडिशा विधानसभा में विपक्षी विधायकों का हंगामा
भुवनेश्वर, 20 फरवरी (भाषा) धान की खरीद में कथित कुप्रबंधन के विरोध में बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस के सदस्यों ने शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन ओडिशा विधानसभा की कार्यवाही में व्यवधान पैदा किया।
सुबह 10:30 बजे जैसे ही सदन में प्रश्नकाल शुरू हुआ, बीजद और कांग्रेस के सदस्य बैनर और तख्तियां लेकर आसन के करीब पहुंच गए तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे।
हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाधी ने कार्यवाही को पहले पूर्वाह्न 11.30 बजे तक, फिर दोपहर 12 बजे तक और बाद में शाम चार बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
बीजद विधायकों ने खाद्य आपूर्ति और उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा के इस्तीफे की भी मांग की।
सदन के बाहर संवाददाताओं से बात करते हुए बीजद के वरिष्ठ विधायक प्रताप केशरी देब ने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता संभालने के बाद धान पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अलावा 800 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी प्रदान करने का वादा किया था।
उन्होंने कहा कि पिछले फसल सत्र के दौरान राज्य सरकार ने किसानों को सब्सिडी प्रदान की थी और रिकॉर्ड मात्रा में धान की खरीद की थी।
देब ने कहा, “इस साल खाद्य आपूर्ति मंत्री ने घोषणा की थी कि वह प्रत्येक किसान को अधिकतम 150 क्विंटल धान के लिए 800 रुपये की सब्सिडी प्रदान करेंगे।”
उन्होंने सत्तारूढ़ भाजपा से इस मामले पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।
ओडिशा का वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बजट विधानसभा में आज पेश किया जाना है।
भाषा पारुल अविनाश
अविनाश

Facebook


