चालक द्वारा मरीजों की जांच करने और दवाएं लिखने के मामले की जांच के आदेश
चालक द्वारा मरीजों की जांच करने और दवाएं लिखने के मामले की जांच के आदेश
कानपुर (उप्र), 18 सितंबर (भाषा) कानपुर के कांशीराम अस्पताल में डॉक्टर की गैर-मौजूदगी में कथित तौर पर उनके चालक द्वारा मरीजों की जांच करने और दवाएं लिखने के मामले सामने आने के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) हरिदत्त नेमी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के लिए कांशीराम अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) पीयूष मिश्रा की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।
नेमी ने बताया कि समिति यह जांच करेगी कि आपात चिकित्सा अधिकारी (ईएमओ) रामकेश के चालक देव ने ओपीडी में मरीजों की जांच की, उन्हें दवाएं लिखीं और क्या वह पहले भी ऐसा कर चुका है।
उन्होंने बताया कि जांच समिति को तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
यह कार्रवाई बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आए एक कथित वीडियो के बाद की गई, जिसमें एक व्यक्ति ओपीडी में डॉक्टर की कुर्सी पर बैठकर मरीजों से बात करता और पर्चे लिखता दिखाई दे रहा है।
अस्पताल कर्मचारियों के अनुसार, घटना के समय रामकेश अदालत की सुनवाई के सिलसिले में बाहर गए थे।
एक अधिकारी के मुताबिक, चालक को अस्पताल से हटा दिया गया है और प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि वह ओपीडी तक कैसे पहुंचा, उसने कितने मरीजों को देखा और क्या उन्हें दवाएं लिखीं।
सीएमएस पीयूष मिश्रा ने रामकेश से स्पष्टीकरण मांगा है तथा चकेरी थाने में चालक के खिलाफ लिखित शिकायत भी दी है।
अस्पताल प्रशासन ने घटना से एक दिन पहले मंगलवार सुबह निरीक्षण किए जाने की बात भी कही है।
भाषा सं आनन्द मनीषा रंजन
रंजन

Facebook


