दिल्ली हवाई अड्डे पर सीमा पार तस्करी गठजोड़ का भंडाफोड़, 11 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद
दिल्ली हवाई अड्डे पर सीमा पार तस्करी गठजोड़ का भंडाफोड़, 11 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) सीमा शुल्क अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर अलग-अलग देशों से आए दो यात्रियों के पास से 11.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया है और सीमा पार तस्करी गठजोड़ का भंड़ाफोड़ किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि 16 अगस्त को, हवाई आसूचना इकाई (एआईयू) द्वारा जुटाई गई खुफिया जानकारी के आधार पर, हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने थाईलैंड के बैंकॉक से आई भारतीय मूल की एक महिला को रोका। उसका ताल्लुक पंजाब से है।
बयान के मुताबिक, यात्री ‘ग्रीन चैनल’ पार कर चुकी थी और उसके पास कोई सामान नहीं था। बयान में कहा गया है कि जांच के जरिए उसके द्वारा छोड़े गए सामान की पहचान की गई। “ग्रीन चैनल’ के जरिए बिना सीमा शुल्क की घोषणा के बाहर निकलने की व्यवस्था होती है।
इसके बाद, नेपाल में काठमांडू से यहां पहुंचे भारतीय मूल के अन्य पुरुष यात्री को ग्रीन चैनल’ पार करने के बाद तब रोका गया, जब वह महिला द्वारा छोड़ा गया सामान उठा रहा था। इस व्यक्ति का संबंध गुजरात से है।
बयान के अनुसार, उसके सामान की एक्स-रे जांच में संदिग्ध तस्वीरें सामने आईं और ‘तलाशी लेने पर लगभग 11.525 किलोग्राम ‘हाइड्रोपोनिक’ गांजा बरामद किया गया।
बयान में कहा गया है कि दोनों यात्रियों ने तस्करी के प्रयास में ‘संलिप्तता स्वीकार की’ और उन्हें पकड़ लिया गया।
बयान में कहा गया है कि दोनों यात्रियों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


