ओडिशा में एनईपी-2020 के तहत इंटर्नशिप कार्यक्रम में 1.18 लाख से अधिक छात्र शामिल
ओडिशा में एनईपी-2020 के तहत इंटर्नशिप कार्यक्रम में 1.18 लाख से अधिक छात्र शामिल
भुवनेश्वर, 22 मई (भाषा) ओडिशा के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों के 1.18 लाख से अधिक छात्रों को शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के तहत इंटर्नशिप और सामुदायिक सेवा के अवसर प्रदान किए गए हैं। शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
एनईपी-2020 के प्रावधानों और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के दिशानिर्देशों के अनुसार, स्नातक (अंडरग्रेजुएट) छात्रों के लिए चौथे सेमेस्टर के दौरान इंटर्नशिप और सामुदायिक सेवा करना अनिवार्य है।
बयान में कहा गया है कि इसी संदर्भ में ओडिशा के उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान 1.18 लाख से अधिक स्नातक छात्रों को इंटर्नशिप और सामुदायिक सेवा कार्यक्रमों से जोड़ा है।
यह इंटर्नशिप कार्यक्रम छह सप्ताह की अवधि का था, जिसके दौरान छात्रों को मार्गदर्शन और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
सरकार ने बताया कि विभिन्न सरकारी विभागों के तहत काम करने वाले सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायत समिति कार्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, वित्तीय संस्थानों, निजी संगठनों और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) में इंटर्नशिप के अवसर प्रदान किए गए हैं।
इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए जारी दिशानिर्देशों के अनुसार, छात्रों को उनकी उपस्थिति, प्रस्तुतीकरण, साप्ताहिक रिपोर्ट और इंटर्नशिप के दौरान उनके समग्र प्रदर्शन के आधार पर शैक्षणिक अंक दिए जाएंगे।
ये क्रेडिट उनके ‘अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स’ (एबीसी) में भी दिखाई देंगे। बयान में कहा गया है कि इंटर्नशिप कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करने पर छात्रों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
इस वर्ष इंटर्नशिप में सर्वाधिक भागीदारी गंजम, सुंदरगढ़, मयूरभंज, कटक और बोलांगीर जिलों से दर्ज की गई है।
बयान के मुताबिक, छात्रों को पंचायती राज और पेयजल, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, कृषि एवं किसान अधिकारिता, उच्च शिक्षा, तथा स्कूल एवं जन शिक्षा जैसे विभागों के तहत काम करने वाले कार्यालयों में तैनात किया गया।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


