पंजाब में साइबर अपराध से जु़ड़े 63,000 से अधिक खातों के लेनदेन पर रोक, 64 करोड़ रुपये बरामद: डीजीपी
पंजाब में साइबर अपराध से जु़ड़े 63,000 से अधिक खातों के लेनदेन पर रोक, 64 करोड़ रुपये बरामद: डीजीपी
चंडीगढ़, 26 जून (भाषा) पंजाब पुलिस ने 540 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी से जुड़े 63,749 बैंक खातों के लेन-देन पर रोक लगा दी। वर्ष 2025 से अब तक करीब 64 करोड़ रुपये की राशि बरामद की गयी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि साइबर अपराध प्रकोष्ठ ने पिछले एक वर्ष के दौरान साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए धोखाधड़ी वाले लेनदेन का पता लगाया, संदिग्ध खातों से लेन-देन पर रोक लगाई और ठगी की रकम पीड़ितों को वापस दिलाने में मदद की।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष करीब 540.34 करोड़ रुपये की साइबर ठगी से जुड़े बैंक खातों के लेन-देन पर रोक लगाई गयी।
अधिकारी ने बताया कि एक जनवरी, 2025 के बाद बरामद की गई राशि में से 38.42 करोड़ रुपये पीड़ितों को लौटा दिए गए और इसी अवधि के दौरान पंजाब भर में साइबर अपराध के 62,253 मामले दर्ज किए गए।
यादव ने बताया कि बैंक खातों से लेन-देन पर समय रहते रोक लगाने से ठगों को रकम निकालने से रोका जा सका और पीड़ितों की धनराशि बरामद करने की संभावना भी बढ़ी।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान संगठित साइबर अपराध गिरोहों, उनके वित्तीय लेन-देन के नेटवर्क और विभिन्न राज्यों से जुड़े उनके संबंधों का भी खुलासा हुआ।
भाषा जितेंद्र अमित
अमित

Facebook


